विकास खंड कीर्तिनगर के लक्ष्मोली हडिमधार पंपिंग पेयजल योजना पर पानी नहीं चल रहा है, लेकिन जल संस्थान ने ग्रामीणों को बिल थमा दिए हैं। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है। ग्रामीणों ने बिलों को निरस्त न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भंडाली गांव के बदरी प्रसाद सेमवाल व बरसोली के नत्थीराम उनियाल ने बताया कि क्षेत्र में जल संस्थान द्वारा उपभोक्ताओं को जो बिल थमाए जा रहे हैं उससे लोगों में आक्रोश है। जिस योजना से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। उपभोक्ताओं को उसके बिल थमाए जा रहे हैं। युवा जन संघर्ष मंच के अध्यक्ष अजय सेमवाल ने पानी के बिलों को निरस्त नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नरेश पाल ने बताया कि लक्ष्मोली हडिमधार पंपिंग पेयजल योजना के उपभोक्ताओं को अभी तक कोई बिल नहीं भेजे गए हैं, जो बिल भेजे गए होंगे वह पुराने बिलों की देय राशि है। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को कार्यालय से संपर्क करने को कहा है।