गढ़वाल विवि के गेट पर नारेबाजी व प्रदर्शन करते एआईडीएसओ कार्यकर्ता।
- फोटो : SHRINAGAR
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीएसओ) ने एचएनबी गढ़वाल विवि को पूर्ण रूप से खुलवाने और पुस्तकालय को नियमित रूप से संचालित करने समेत अन्य मांगों के लिए बिड़ला परिसर में रैली निकाली। इसके पश्चात संगठन के सदस्यों ने विवि के कुलसचिव से वार्ता कर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को डीएसओ के सदस्य बिड़ला परिसर में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने रैली निकालते हुए गढ़वाल विवि के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने रोष प्रकट किया कि कोरोना संक्रमण की स्थिति सामान्य होने के बावजूद विवि परिसर सभी छात्रों के लिए नहीं खोले जा रहे हैं। उन्होंने विवि के परिसर खुलवाकर सभी पाठ्यक्रमों की नियमित कक्षाएं संचालित करने की मांग की। रैली और प्रदर्शन के बाद उक्त मुद्दों पर छात्रों की विवि के कुलसचिव डॉ. अजय खंडूड़ी से वार्ता हुई। कुलसचिव ने छात्रों को बताया कि इन मसलों पर विद्या परिषद की बैठक में चर्चा की जाएगी। छात्रों की समस्याओं को जल्द सुलझाया जाएगा। रैली में डीएसओ की श्रीनगर इकाई अध्यक्ष पूजा भंडारी, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, रंजना बत्र्वाल, संतोष, सौरभ और प्रांजलि आदि शामिल थे।