राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की पहल पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चड़ी गांव मेें जिलास्तरीय अध्यापक कला प्रतिभा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महिला शिक्षिकाएं आगे रहीं। प्रतियोगिता के प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे शिक्षक मंडलस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
सोमवार को डायट में पौड़ी जिले की अध्यापक कला प्रतिभा प्रतियोगिता संपन्न हुई। इसमें पोस्टर चित्रांकन, कंपोजीशन (चित्र संयोजन), लोक चित्रकला एवं लघु चित्रकला श्रेणियों में शिक्षकों ने प्रतिभा दिखाई। डायट की प्रभारी प्राचार्य शिवानी रावत एवं समन्वयक जगमोहन सिंह कठैत ने बताया कि लघु चित्रकला में राजकीय इंटर कॉलेज श्रीनगर की शिक्षिका मीनाक्षी पंत ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज ग्वालखुड़ा की अर्चना तपरानिया ने द्वितीय एवं राजकीय इंटर कॉलेज देवप्रयाग की निवेदिता बिजल्वाण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्र संयोजन में राजकीय इंटर कॉलेज मोहन चट्टी के नवल किशोर सिल्सवाल का पहला और राजकीय इंटर कॉलेज ढौंड के कुलदीप ङ्क्षसह गौतम का दूसरा स्थान रहा।
लोक चित्रकला में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुंडेरगांव की सुमन बिष्ट ने बाजी मारी। राजकीय इंटर कॉलेज बल्ली की शिल्पी नेगी ने दूसरा और राजकीय इटर कॉलेज किंसुर द्वारीखाल के महेंद्र राणा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पोस्टर चित्रांकन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुगड्डा की बबीता रावत प्रथम और राजकीय इंटर कॉलेज सेंधीखाल के भारत सिंह द्वितीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. पूर्णिमा पांडे और डॉ. एकता बिष्ट ने निभाई। इस अवसर पर डॉ. जगमोहन पुंडीर, डॉ. अरविंद, आकाश शर्मा व नीलिमा शर्मा आदि मौजूद थे।