पौड़ी। भाजयुमो के युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को भगत सिंह, स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, मदन लाल ढींगरा, चाणक्य जैसे महान क्रांतिकारी व राजनीतिज्ञ की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए पार्टी के लिए देश हित में कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया गया।
मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में भाजयुमो का युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं की संख्या कम दिखने पर भाजपा के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने पदाधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि युवा मोर्चा भाजपा का अहम अंग है, लेकिन गढ़वाल मंडल मुख्यालय होनेे के बावजूद संवाद कार्यक्रम में युवाओं की संख्या निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव और 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए युवाओं की भूमिका अहम होगी। इसके लिए अभी से जुट जाना होगा।
युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री सूरज घिल्डियाल व जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज ने कहा कि युवा मोर्चा केंद्र सरकार व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में जुटा हुआ है। पूर्णकालिक जिला विस्तारक अजय पांडे ने युवा संवाद कार्यक्रम, उसके महत्व, युवाओं की भूमिका पर जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन आशीष जदली ने किया। कार्यक्रम में निवर्तमान युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विक्रांत रावत की गैरमौजूदी चर्चा का विषय बनी।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री नीरज पांथरी, जिला उपाध्यक्ष विमल वर्मा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा मधु खुगशाल, मंडल अध्यक्ष पौड़ी रोशन रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, दलवीर सिंह नेगी, राजकुमार पोरी, कुसुम चमोली, सुषमा रावत आदि मौजूद थे।