नैनीताल। दुबई में हॉट मोड मिसेज वर्ल्डवाइड में फर्स्ट रनरअप का खिताब जीतने वाली तान्या त्रिपाठी कांडपाल का नैनीताल में स्वागत किया गया। इस दौरान लेकसिटी वेलफेयर क्लब के सदस्यों ने कुमाऊंनी परंपरा से तान्या का तिलक किया। तान्या ने कहा कि वह महिला सशक्तीकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए कार्य करेंगी।
बता दें कि तान्या त्रिपाठी कांडपाल का नैनीताल में ससुराल है। जब वह रविवार को नैनीताल पहुंची तो लेक सिटी वेलफेयर क्लब ने उनका स्वागत मल्लीताल स्थित एक होटल किया। तान्या ने कहा कि दुबई में आयोजित हॉट मोड मिसेज वर्ल्डवाइड प्रतियोगिता में वह उपविजेता बनी। इस प्रतियोगिता में 26 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में उन्होंने एक गरीब लड़की की भूमिका को प्रदर्शित किया, जिसे उसके परिजन पढ़ाई नहीं करने देते हैं। प्रतियोगिता में उन्होंने टैलेंट राउंड, ट्रेडिशनल राउंड आदि प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
तान्या के पति प्रणव कांडपाल जर्मनी में साफ्टवेयर इंजीनियर, पिता नैनीताल बग्गड़ निवासी दीपक त्रिपाठी कर्नल पद से सेवानिवृत्त और मां इंद्रा त्रिपाठी प्रधानाचार्य हैं, जबकि सास पुष्पा कांडपाल गृहिणी और ससुर केएन कांडपाल नैनीताल बैंक से सेवानिवृत्त हैं।
इस मौके पर क्लब अध्यक्ष दिव्या साह, सचिव रानी साह, उपाध्यक्ष दीपिका बिनवाल, पूर्व अध्यक्ष गीता साह समेत पुष्पा कांडपाल, हेमा भट्ट, मीनू बुढलाकोटी, केएन कांडपाल, प्रणव कांडपाल, माणिक कांडपाल, संतोष साह आदि मौजूद थे।