हल्द्वानी। जगदंबानगर का नलकूप अभी तक दुरुस्त नहीं हो सका है जिसके कारण इससे जुड़े इलाके के लोग पानी के संकट से जूझ रहे हैं। बुधवार को जलसंस्थान का टैंकर क्षेत्र में पानी वितरित करने पहुंचा तो लोग पानी भरने के लिए बाल्टी आदि बर्तन लेकर दौड़ पड़े।
जगदंबानगर नलकूप दो दिन पहले खराब हो गया था। जिसकी वजह से क्षेत्र की पांच हजार आबादी प्रभावित हैं। पार्षद रवि वाल्मीकि का कहना है कि पानी की समस्या से क्षेत्रीय जनता बहुत परेशान हैं। हेमा देवी और सीमा का कहना था कि सुबह टैंकर से पानी भरने जाएं या फिर घर का कामकाज करें, पानी की आपूर्ति ठप होने से बहुत परेशानी हो रही है। जलसंस्थान के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि नलकूप की मरम्मत का काम युद्घस्तर पर किया जा रहा है।
नलकूप आपरेटर नौकरी छोड़कर भाग गया, पानी की आपूर्ति हो गई बंद
हल्द्वानी। जीतपुर नेगी में चार दिनों से पानी की आपूर्ति ठप होने से परेशान लोगों ने जब हल्ला किया तो बुधवार को जांच पड़ताल करने पर मालूम चला कि आउटसोर्स से तैनात नलकूप पर आपरेटर नौकरी छोड़कर घर चला गया है। जलसंस्थान के सहायक अभियंता प्रमोद पांडे ने बताया कि नलकूप आपरेटर से फोन पर पूछा गया कि नलकूप क्यों नहीं चल रहा तब उसने बताया कि उसने नौकरी छोड़ दी है। उन्होंने बताया कि नलकूप को सुचारु करवाकर पानी की आपूर्ति बहाल हो गई है।