गौलापार बाइपास मार्ग स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड से कूड़े के ढेर हटाने के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। नवंबर से डेली फ्रेश वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट सुचारु रूप से काम करने लगेगा।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर के वार्डाें के साथ ही जिले भर से हर दिन आने वाले 220 से 250 मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने ट्रंचिंग ग्राउंड में दो फर्माें को कूड़े के ढेर हटाने का ठेका दिया है। इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 15 करोड़ है। लीगेसी के तहत पहले से जमा कूड़ा हटाया जा रहा है जबकि पास ही रोजाना उठने वाले कूड़े के लिए डेली फ्रेश वेस्ट प्लांट में अस्थायी रूप से कूड़ा निस्तारण शुरू कर दिया है। सोमवार से इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यहां गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करने के बाद आरडीएफ तैयार होगा जो पेपर मिल जैसे उद्योगों में ईंधन के तौर पर काम आएगा। ट्रंचिंग ग्राउंड में अभी औसतन 180 से 190 लाख मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र है।
पहाड़ों से ज्यादा आ रहा कूड़ा
जिले में कैंची धाम, नैनीताल समेत अन्य पर्यटक स्थलों पर बढ़ते सैलानियों के कारण कूड़ा निस्तारण भी चुनौती बना हुआ है। नगरपालिका भवाली, भीमताल और नैनीताल का भी रोजाना 50 से 60 मीट्रिक टन कूड़ा ट्रंचिंग ग्राउंड में पहुंचता है। निगम अधिकारियों के अनुसार इन दिनों पर्यटक स्थलों से आने वाले कूड़े में बढ़ोतरी हुई है।
डेली वेस्ट के लिए प्लांट बनाने वाली फर्म का सिविल वर्क अंतिम चरण में है, नवंबर से स्थायी रूप से यहां दो ट्रोमलर मशीनें लगाई जाएंगी।
-परितोष वर्मा, नगर आयुक्त