उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय प्री-मेडिकल प्रवेश परीक्षा रविवार को एमबीपीजी कॉलेज में सीसीटीवी की निगरानी में होगी। परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए इसके लिए व्यापक तैयारी की गई है।
सभी 37 परीक्षा कक्षों समेत 40 जगह सीसीटीवी और मोबाइल जैमर लगाए गए हैं। शिक्षकों को भी परीक्षा कक्ष में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश परीक्षा सुबह दस बजे से अपराह्न एक बजे तक होगी। इसमें 877 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
परीक्षा में कोई मुन्ना भाई शामिल न होने पाए, इसके लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमैट्रिक मशीन से उपस्थिति दर्ज की जाएगी। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की टीम शनिवार को ही यहां पहुंच गई। टीम ने एमबी कॉलेज परीक्षा केंद्र का मुआयना किया।
परीक्षार्थियों को प्रात: आठ बजे परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने डॉ. एपी सिंह को पर्यवेक्षक बनाया है। एमबी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि परीक्षा केंद्र को तीन विंग में बांटा गया है।
74 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन आदि किसी भी तरह की सामग्री अंदर ले जाने पर प्रतिबंध होगा।