नैनीताल। शिक्षा विभाग में शिक्षकों की स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बुधवार को सुगम से दुर्गम और दुर्गम से सुगम श्रेणी के तहत अनिवार्य स्थानांतरण के दायरे में आने वाले कुमाऊं मंडल के 671 एलटी स्नातक वेतनक्रम में कार्यरत शिक्षकों की स्थानांतरण सूची विभागीय वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। स्थानांतरण सूची के अपलोड होते ही सुगम से दुर्गम स्थानों पर भेजे गए शिक्षकों में खलबली मच गई है।
कुमाऊं मंडल में माध्यमिक शिक्षा के अपर निदेशक लीलाधर व्यास ने बताया कि कुमाऊं मंडल स्तर पर जून और जुलाई में सहायक अध्यापक एलटी स्नातक वेतनकम में शून्य छात्र संख्या और सरप्लस शिक्षकों का समायोजन व बेसिक से एलटी स्नातक वेतनक्रम में पदोन्नति सूची जारी की गई है। उन्होंने बताया कि अनिवार्य स्थानांतरण के लिए जारी पात्रता सूची के अनुसार यदि किसी शिक्षक की ओर से पूर्व में दिए गए विकल्प में कोई संशोधन करना है तो वह संशोधित विकल्प में पात्रता सूची का क्रमांक दर्ज करते हुए आठ जुलाई तक अनिवार्य रूप से मंडलीय कार्यालय को ईमेल भेज सकता है। उन्होंने बताया कि संशोधित विकल्प भेजने के लिए उनके कार्यालय की ओर से जारी समायोजन व पदोन्नति आदेश का संज्ञान लिया जा सकता है।
अपर निदेशक व्यास ने कहा कि एलटी स्नातक वेतनक्रम में अनुरोध के आधार पर भी जिन शिक्षकों ने अपना स्थानांतरण आवेदन पत्र भेजा था, वह भी अपना संशोधित विकल्प मंडलीय कार्यालय को भेज सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रवक्ता संवर्ग के शिक्षकों के स्थानांतरण आवेदन पत्र निदेशालय को भेजे गए हैं। उनकी पात्रता सूची निदेशालय स्तर से ही जारी होगी।