हल्द्वानी। टीपीनगर चौकी पुलिस रामपुर रोड स्थित हरिपुर जमन सिंह तिराहा पर बृहस्पतिवार शाम छोटा हाथी वाहन से 50 पाउच शराब बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि दोनों टांडा जंगल में दिनेशपुर के एक तस्कर से शराब खरीदे थे। इसमें एक शराब तस्कर की काली टी-शर्ट पर प्रिंट था कि ‘आज दारू तेरा भाई दिलाइएगा’।
चौकी प्रभारी राहुल राठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रमेश पंत, कांस्टेबल अनिल टम्टा और हीरा बिष्ट ने छोटा हाथी वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार हरिपुर नायक कुसुमखेड़ा निवासी सूरज पाल और फार्म नंबर तीन डहरिया निवासी मोहन मौर्या के पास से शराब बरामद हुई, जिस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ने बताया कि टांडा जंगल में दिनेशपुर के एक तस्कर से सस्ते में शराब खरीदी थी ताकि उसे महंगे दाम में बेचा जा सके। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 188,269,270 आपदा प्रबंधन अ धिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने छोटा हाथी को जब्त कर लिया है।