हल्द्वानी। गोदामों में पुराना चावल आने की शिकायत पर शनिवार को आरएफसी हरबीर सिंह ने कमलुवागांजा और हल्द्वानी स्थित राज्य भंडारण निगम के गोदामों में छापा मारा। तीन मिलों का चावल मानकों पर खरा नहीं उतरा। इस पर आरएफसी ने तत्काल चावल को वापस भिजवा दिया।
आरएफसी हरबीर सिंह शनिवार को कमलुवागांजा स्थित गोदाम पहुंचे। यहां चावल उतारा जा रहा था। आरएफसी हरबीर ने खुद चावल के सैंपल लिए। चावल पुराना होने पर इसे वापस भेज दिया गया। उन्होंने वरिष्ठ विपणन अधिकारी को मानकों के अनुसार चावल उतारने के निर्देश दिए। इसके बाद आरएफसी मंडी स्थित गोदाम पहुंचे। उन्होंने यहां भी चावल की जांच की। जांच में दो गाड़ियों में पुराना चावल मिलने पर इन्हें तत्काल वापस करा दिया।
आरएफसी ने इसके बाद तीन बजे आरएफसी कार्यालय मानपुर पूरब में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि किसी भी गोदाम के स्टॉक में पुराना और गुणवत्ता विहीन चावल मिलने पर गोदाम इंचार्ज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान डिप्टी आरएमओ अशोक आर्या, रजनी, कृष्ण कुमार, चंद्रशेखर, अतुल आदि अधिकारी मौजूद रहे।