हल्द्वानी। शहर में शुक्रवार को जजफार्म, गौलापार के कुंवरपुर क्षेत्र में सुबह से शाम तक बिजली गुल रही। यूपीसीएल की ओर से शटडाउन शेड्यूल के तहत आपूर्ति बाधित की गई थी। धान मिल रोड डहरिया स्थित आईटीआई में बन रहे नए बिजलीघर के लिए लाइन खींची जा रही है। इसके चलते सुबह 10 से शाम छह बजे तक बिजली गुल रही। इससे 10 हजार की आबादी को संकट का सामना करना पड़ा। गौलापार बिजलीघर में पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर को 10 एमवीए में बदला गया। इसके साथ ही कुंवरपुर क्षेत्र में विद्युतीकरण कार्य के चलते बिजली पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न चार बजे तक ठप रही। इधर सुभाषनगर डिविजन ने अभियान चलाकर छह बिजली बकाएदारों से 1.41 लाख की वसूली की।
जज फार्म में लगाया ट्रांसफार्मर
शटडाउन शेड्यूल के तहत टीपीनगर सब स्टेशन की ओर से जज फार्म में लंबे समय से स्वीकृत ट्रांसफार्मर को स्थापित कर दिया गया है। इसके चलते आपूर्ति शाम तक ठप रही।
शाम तक बिजली लाइनों पर काम किया गया, इस वजह से आपूर्ति बहाल करने में समय लगा।
- सुभा जोशी, एसडीओ टीपीनगर यूपीसीएल