कुछ ही दिन में सहालग शुरू होने वाली है। इस दौरान बरात चढ़ते समय कई बार सड़कों पर जाम के हालात पैदा होते हैं। देर रात तक शोर-शराबे व डीजे की आवाज से आम जन को भी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके लिए शनिवार को एसपी सिटी हरबंस सिंह ने हल्द्वानी के सभी बरातघर संचालक, डीजे-बैंड संचालकों के साथ कोतवाली सभागार में बैठक की।
सभी को यातायात से लेकर डीजे संचालन और कर्मचारियों के सत्यापन तक की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान शहर कोतवाली, काठगोदाम, मुखानी और बनभूलपुरा कोतवाली के प्रभारी भी मौजूद रहे। एसपी सिटी ने कहा कि अगर कोई भी निर्देश का पालन नहीं करता है और किसी भी तरह से कानून व यातायात व्यवस्था बिगड़ती है तो संबंधित व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये निर्देश दिए
- बरातघर से केवल 100 मीटर दूर से ही बरात चढ़ाई जाएगी।
- रात 10 बजे के बाद डीजे सिस्टम और बैंड बजाना प्रतिबंधित रहेगा।
- सभी बरातघर प्रबंधकों को परिसर के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे।
- अपने-अपने बरातघरों में वालंटियर नियुक्त करने होंगे।
- बरात की बुकिंग के संबंध में अनुमति लेना और संबंधित कोतवाल को बताना अनिवार्य होगा।
- कोई भी बराती असलाह लेकर बरातघर में प्रवेश नहीं करेगा।
- बैंड-बाजा संचालक छोटी ट्रॉली के साथ सड़क के किनारे चलेंगे।
- बरात के दौरान सभी कोतवाल और टीआई अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करते रहेंगे।
- बरातघर मालिक दूल्हा-दुल्हन दोनों पक्ष से बातचीत कर बरात तय समय पर परिसर में प्रवेश कराएंगे।
- बरात में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। मुख्य सड़क पर पार्किंग नहीं होगी।
- विवाह समारोहों के लिए बुकिंग में लगाए गए कैटरर्स, बैंड व डीजे सिस्टम संचालकों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।
- सड़क के बीच या भीड़ के बिल्कुल नजदीक आतिशबाजी नहीं की जाएगी।