हल्द्वानी। शहर के मार्गों का हाल खराब है। रामपुर रोड, नैनीताल से तीनपानी बाईपास रोड से लेकर संपर्क मार्ग तक बदहाल स्थिति में है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग के हल्द्वानी सर्किल के अंतर्गत 1200 किमी सड़कें हैं। इसमें नैनीताल रोड, बरेली रोड, कालाढूंगी मार्ग से लेकर संपर्क मार्ग तक शामिल हैं। बरसात के चलते सड़कों पर गड्ढे हो चुके हैं, इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर पेयजल पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क काटी गई थी, पर अभी तक उसकी मरम्मत नहीं हुई है। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रामपुर रोड पर देवलचौड़ चौराहा, धान मिल आदि के पास गड्ढे हैं। बरेली रोड पर गांधी स्कूल के पास, अब्दुला बिल्डिंग के पास, कालाढूंगी चौराहे के पास और नैनीताल रोड पर टेढ़ी पुलिया के पास समेत अन्य जगहों पर गड्ढे हैं। संपर्क मार्गों की बात करें तो देवलचौड़ चौराहे से समाज कल्याण निदेशालय को जाने वाला मार्ग, टनकपुर मार्ग, पीली कोठी मार्ग, नीम के पेड़ से नई आईटीआई जाने वाला मार्ग भी खराब स्थिति में है। इसी तरह हीरानगर से भी काफी लोग आवागमन करते हैं, यह मार्ग भी कई जगह क्षतिग्रस्त है।
वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी के अनुसार बीते दिनों सड़कों का सर्वे कराया था। इसमें 150 किमी के क्षेत्र में मार्ग खराब मिले थे। पैच वर्क के लिए दो करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बताया कि बजट मिलने के बाद पैच वर्क का काम शुरू कर दिया जाएगा।