रक्षाबंधन त्योहार के चलते हल्द्वानी के रोडवेज बस स्टेशन पर बड़ी भीड़ के चलते बस में सीट पाने के ल?
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। रक्षाबंधन के दिन रोडवेज बसों में भारी भीड़ उमड़ी। भाइयों को राखी बांधने के लिए जा रही महिलाओं को बस के लिए एक-एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके चलते हल्द्वानी डिपो प्रबंधन ने सात अतिरिक्त बसों का संचालन किया और बसों के फेरे भी बढ़ाए। उधर, काठगोदाम डिपो की अनुबंधित बसों के चालक नहीं आए। इस कारण तीन बस डिपो से बाहर ही नहीं निकल सकी।
रविवार को कई रोडवेज बसों में यात्रियों ने खड़े होकर सफर किया। रोडवेज के अधिकारी हल्द्वानी बस अड्डे में पूरे दिन व्यवस्था संभालते रहे। हल्द्वानी डिपो के एआरएम सुरेंद्र बिष्ट का कहना है कि टनकपुर, बरेली, नैनीताल, रुद्रपुर, रामनगर, काशीपुर और देहरादून रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया। उधर, काठगोदाम डिपो देहरादून जाने वाली अनुबंधित एसी बस का चालक ड्यूटी में नहीं आया, जिसके चलते बस डिपो में ही खड़ी रही। इसके अलावा मुरादाबाद और बरेली रूट की अनुबंधित बसें भी नहीं चलीं। इसके चलते रोडवेज को अतिरिक्त बसें चलानी पड़ी।