हल्दूचौड़/लालकुआं। भाड़ा बढ़ाने की मांग को लेकर स्टोन क्रशर संचालकों के साथ खनन व्यवसायियों की चल रही तकरार शुक्रवार को खत्म हो गई। 31 रुपये भाड़ा दिए जाने पर बात बन गई और खनन व्यवसायी काम पर लौट आए। भाजपा नेता हेमंत द्विवेदी ने जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।
हेमंत द्विवेदी ने स्टोन क्रशर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं उपनिदेशक खनन राजपाल लेघा से बातचीत की। इस दौरान ग्राम प्रधान रमेश जोशी, जीवन कबडवाल, शंकर दत्त जोशी, हेम दुर्गापाल, वीरेंद्र दानू, चंद्रशेखर पंत, प्रवीण दानू, हरीश सुयाल आदि मौजूद थे।
गौला नदी के आठ गेट खुले, तीन बंद रहे
हल्द्वानी। शुक्रवार को गौला नदी के आठ गेटों से खनिज की निकासी हुई। हालांकि रेट विवाद के चलते तीन गेट बंद रहे। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों कहना है कि शनिवार को अवकाश रद्द कर दिया है। अब सभी गेटों से उपखनिज निकाला जाएगा।
गौला खनन संघर्ष समिति ने बताया कि शुक्रवार को मोटाहल्दू, बेरीपड़ाव और शांतिपुरी गेट नहीं खुला लेकिन अन्य आठ गेटों पर खनिज की निकासी हुई। इस दौरान 2975 वाहनोें ने ढुलाई की।
गौला खनन संघर्ष समिति से जुड़े पम्मी सैफी ने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने मुश्किल समय में साथ दिया। वाहन स्वामियों की बात अधिकारियों के समक्ष रखी थी। इस दौरान अरशद अयूब, मनोज मठपाल, संजय वोहरा, हरीश पांडे, मो. उमर, आरिश सैफी, नफीस चौधरी, मो. नबी, पृथ्वी पाठक आदि मौजूद रहे।