हल्द्वानी। जिला पुलिस 31 अक्तूबर से चार नवंबर तक सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक शहर को जीरो जोन के रूप में परिवर्तित करेगी। नैनीताल तिराहा से मंगलपडाव तक कोई भी वाहन प्रवेश नहीं करेगा। किसी भी तरह के छोटे-बड़े वाहन मंगलपडाव, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, ओके होटल चौराहे और ताज चौराहे से बाजार में प्रवेश नहीं करेंगे। इस दौरान सिर्फ आवश्यक सेवा सुचारु रहेगी।
जिला पुलिस ने बड़े वाहनों का डायवर्जन जारी करने के बाद बृहस्पतिवार को छोटे वाहनों के लिए डायवर्जन जारी कर दिया। 31 अक्तूबर से बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले छोटे वाहनों को गांधी इंटर कॉलेज तिराहा से डायवर्ट कर एफटीआई तिराहा से आईटीआई तिराहा, मुखानी चौराहे से हाईडिल तिराहा, कालटैक्स तिराहा नैनीताल रोड से भीमताल रोड की ओर भेजा जाएगा।
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी छोटे वाहनों को पंचायतघर या देवलचौड़ से छड़ायल चौराहा, सेंट्रल अस्पताल, लालडांठ, कॉलटैक्स होते हुए नैनीताल रोड या भीमताल रोड की ओर भेजा जाएगा। कालाढूंगी रोड से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले छोटे वाहनों को लालडांठ, मुखानी चौराहा, नवाबी रोड तिराहे से कुल्यालपुरा चौराहा होते हुए नैनीताल रोड, पनचक्की तिराहा से कॉलटैक्स तिराहा या हाईडिल तिराहा होते हुए नैनीताल रोड की ओर भेजा जाएगा।
नैनीताल रोड से बरेली रोड की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को नैनीताल तिराहे से अर्बन तिराहा जेल रोड से कैंसर अस्पताल, एफटीआई से गांधी तिराहा बरेली रोड की ओर भेजा जाएगा। रामपुर रोड या कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले शेष वाहनों को कॉलटैक्स तिराहे या हाइडिल तिराहे से पनचक्की मुखानी चौराहा, लालडांठ तिराहे की ओर भेजा जाएगा। शेष वाहनों को डिग्री कॉलेज तिराहा से मुखानी की ओर भेजा जाएगा। नैनीताल कोआपरेटिव बैंक तिराहे से डायवर्ट कर जेल रोड मुखानी चौराहा, कालाढूंगी रोड से आईटीआई तिराहा रामपुर रोड की ओर भेजा जाएगा।
पार्किंग व्यवस्था
यातायात निरीक्षक राकेश माहरा के अनुसार नैनीताल रोड या कालाढूंगी रोड से आने वाले दो पहिया, चार पहिया वाहन चालक हल्द्वानी स्टेडियम में गाड़ी खड़ी करेंगे। बरेली रोड से आने वाले वाहन लक्ष्मी शिशु मंदिर (मंगलपडाव) में खड़े किए जाएंगे। रामपुर रोड या देवलचौड़ की ओर से आने वाले वाहन चालक सरगम सिनेमा मैदान में वाहन खड़ा करेंगे। बाजार के व्यवसायी सरस बाजार पार्किंग और सिंधी स्वीट्स के पास मैजिक स्टैंड की पार्किंग में अपने वाहनों को पार्क करेंगे। रेलवे बाजार से मुख्य बाजार को जाने वाले वाहन रेलवे स्टेशन हल्द्वानी में अपने वाहन खड़ा करेंगे। दो नवंबर से चार नवंबर तक तक सती मिष्ठान भंडार वाली गली, भोलानाथ टैंपो स्टैंड में खड़े होने वाले ऑटो और ई-रिक्शा जीजीआईसी और अन्य दिन जेल तिराहे के बायीं ओर मुखानी की ओर खड़े रहेंगे।
ऑटो और मैजिक स्टैैंड में बदलाव
- भोलानाथ गार्डन का ऑटो स्टैंड और सती मिष्ठान गली पर खड़े होने वाले ऑटो और ई-रिक्शा जेल रोड तिराहे से संचालित किए जाएंगे।
- ओके होटल के दोनों ऑटो स्टैंड नगर निगम हल्द्वानी से संचालित होंगे।
- सिंधी स्वीट्स मैजिक स्टैंड का संचालन एचएन इंटर कॉलेज रामपुर रोड से किया जाएगा।
- मंगलपड़ाव के दोनों ऑटो स्टैंड, लक्ष्मी शिशु मंदिर से आगे सड़क के बायीं ओर खड़े रहेंगे। वहीं से आटो संचालित किए जाएंगे।
- तीन पहिया वाहन रोडवेज स्टेशन के अंदर प्रवेश नहीं करेगा।
- तीन पहिया वाहन मंगलपड़ाव से लाइन नंबर एक ताज चौराहा, तिकोनिया से काठगोदाम या नैनीताल तिराहे से स्टेशन रोड, नवाबी रोड जाएंगे।