शिक्षा विभाग में कई सालों से अनुपस्थित चल रहे दो कनिष्ठ सहायकों को बार-बार नोटिस देने के बाद भी जब उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया तो विभाग ने उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इस बीच विभाग के अधिकारी मंडल में कुछ अन्य ऐसे ही कर्मचारियों की खोजबीन में जुटे हैं।
मंडलीय अपर निदेशक (प्रांरभिक शिक्षा) बंदना गर्ब्याल ने बताया कि जीजीआईसी कोटाबाग (नैनीताल) में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात अनीता जोशी 26 सितंबर 2010 से अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित चल रही थीं। विभाग की ओर से उन्हें कई बार उपस्थित होने का नोटिस भेजा गया, लेकिन वह काम पर नहीं लौटी।
उन्होंने कहा कि विभाग में चार वर्ष छह माह से लगातार अनुपस्थित रहने की वजह से उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर) में तैनात कनिष्ठ सहायक कौस्तुभ साह पांच फरवरी 2011 से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं।
उन्हें भी विभाग की ओर से कई बार नोटिस भेजे, लेकिन उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। उन्होंने कहा विभाग में 4 वर्ष तीन माह की लंबी अनुपस्थित को देखते हुए उनकी सेवाएं भी समाप्त कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि विभाग में अभी कई कर्मचारी ऐसे हैं जो लंबे समय से अनुपस्थित हैं। फिलहाल हर जिले से ऐसे कर्मचारियों की सूची मांगी जा रही हैं।
उन्होंनेे कहा कि बिना विभाग को सूचना दिए अनुपस्थित चल रहे कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।