सुशीला तिवारी अस्पताल में सोमवार को ओपीडी में तय समय पर्ची काउंटर नहीं खुला। स्रोत - मरीज
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में कुछ कर्मचारियों की मनमानी का असर मरीजों पर पड़ता है। मरीजों का आरोप है कि कर्मचारी नियमों पालन नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों का भी इन पर नियंत्रण नहीं है। सोमवार सुबह 8:20 बजे तक ओपीडी में 100 से अधिक लोगों की लाइन लगी रही लेकिन काउंटर पर एक भी कर्मचारी नहीं था।
एसटीएच में ओपीडी का समय सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक है। मौके का वीडियो शेयर करते हुए मरीजों ने आरोप लगाया कि सुबह 8 बजे से पहले ही काफी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच गए थे। इस दौरान ओपीडी पर्चा बनाने की चार लाइनों में मरीज कतार में लगे थे लेकिन संबंधित कर्मचारी नदारद रहे। खासकर दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक काउंटर पर 8:20 बजे तक कर्मचारी नहीं पहुंचे थे। कर्मियों की मनमानी के कारण हल्द्वानी के अलावा अन्य जगहों से आने वाले रोगियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
यह गंभीर मामला और साफ तौर पर लापरवाही है। समय से पहले काउंटर खुल जाने चाहिए और आठ बजे से पर्चा बनना चाहिए। इस संबंध में एमएस और इंचार्ज रिसेप्शन से भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
डॉ. अरुण जोशी, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज
आधे दिन चली ओपीडी, इमरजेंसी में रही भीड़
बुद्ध पूर्णिमा के अवकाश के चलते बेस और महिला अस्पताल में सार्वजनिक अवकाश के चलते ओपीडी बंद रही लेकिन एसटीएच में आधे दिन ओपीडी चली। सुबह 11 बजे ओपीडी काउंटर बंद हो गया। दोपहर में आने वाले मरीज इलाज के लिए इमरजेंसी में पहुंचे। इमरजेंसी के बिलिंग काउंटर में दोपहर बाद तक लंबी लाइन रही।