हल्द्वानी। कोरोना के केस बढ़ने लगे हैं। सरकार सख्ती बरत रही है लेकिन अपने यहां सरकारी दफ्तरों में सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। आरटीओ कार्यालय, नगर निगम और रोडवेज बस अड्डे पर लोगों को कोरोना का कोई खौफ नहीं है। जनप्रतिनिधि, अधिकारी भी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। नगर निगम में कार्यकारिणी समिति की बैठक में न तो सामाजिक दूरी का पालन हुआ, न ही पार्षदों ने मास्क लगाए थे।
आरटीओ कार्यालय, समय 12:20 बजे
आरटीओ कार्यालय में टैक्स जमा करने, परमिट लेने और लाइसेंस बनाने के लिए लंबी लाइन लगी थी। कई लोग चिपककर खड़े थे। सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। कई लोगों ने मास्क नहीं लगाए थे। कार्यालय में सैनिटाइज करने की मशीन भी नहीं लगी थी।
नगर निगम कार्यालय, 1:10 बजे
नगर निगम के मीटिंग हाल में मेयर जोगेंद्र रौतेला बैठक ले रहे थे। छोटे से कमरे में करीब 11 पार्षद, पांच अधिकारी मौजूद थे। यहां भी कई पार्षदों ने मास्क नहीं लगाया था। न ही मीटिंग के दौरान सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा था।
रोडवेज बस अड्डा, 2:10 बजे
रोडवेज बस अड्डे पर लोग बसों का इंतजार कर रहे थे। जो लोग बस में बैठ या उतर रहे थे, उसमें से कई ने मास्क नहीं पहना हुआ था। बसों में भी लोग बिना मास्क के बैठे थे।
बिना मास्क के 40 का चालान
टास्कफोर्स ने मारे छापे, 8300 रुपये वसूले
हल्द्वानी। डीएम की ओर से बनी टास्कफोर्स ने बिना मास्क के घूमने वाले 40 लोगों का चालान काटकर 8300 रुपये वसूले। शनिवार को तीन सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने रोडवेज, बाजार क्षेत्र और मंगलपड़ाव में बिना मास्क पहने घूमने वाले लोगों पर कार्रवाई की। इस दौरान तहसीलदार नितेश डागर, सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान, व्योमा जैन आदि मौजूद रहीं।