पुलभट्टा पुलिस की हिरासत में स्मैक तस्कर। संवाद
- फोटो : KITCHHA
किच्छा। पुलभट्टा पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। मीरगंज जिला बरेली निवासी बाइक सवार युवक को सौ ग्राम से अधिक स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। वह नशे की खेप को उत्तराखंड में खपाने आया था। केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
पुलभट्टा थाने में सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि एसओ पुलभट्टा राजेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। भंगा रोड पर शिव मंदिर के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार युवक पुलिस को देख वापस भागा और गिर गया। शक होने पर पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसके कब्जे से 103 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी ने अपना नाम मो. दानिश निवासी खानपुरा वार्ड 30 मीरगंज जिला बरेली बताया। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की कीमत 13 लाख है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। टीम में एसआई अर्जुन गिरि, ललित चौधरी, महेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, रविकांत शुक्ला, सुंदर सिंह आदि थे।
तमंचे समेत युवक को पकड़ा
किच्छा। पुलिस ने दरऊ के पास कार सवार युवक को तमंचे और नौ कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम दरऊ निवासी आरोपी अकरम बेग के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद