अमर उजाला हल्द्वानी के संपादक रहे स्व.सुनील शाह का पीपलपानी शुक्रवार को हुआ। स्व.शाह के जज फार्म स्थित आवास पर पहुंचे बड़ी संख्या में लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए, साथ ही उनके व्यक्तित्व और कृतित्व का भावपूर्ण स्मरण किया।
18 अप्रैल को नैनीताल से लौटते समय सड़क दुर्घटना में सुनील शाह घायल हो गए थे, बाद में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके साथ पूर्व में अमर उजाला बरेली में काम करने वाले वरिष्ठ पत्रकार पवन सक्सेना ने कहा कि स्व. शाह ने हमेशा जन सरोकार की पत्रकारिता की, उन्होंने हमेशा अपने साथ काम करने वाले अधीनस्थ पत्रकारों को आगे बढ़ाया। उनका असमय जाना एक अपूरणीय क्षति है।
कमान सिंह धामी ने कहा कि उनका सहज होना और सरल संवाद व्यक्तित्व को और धनी बनाता था। उन्होंने अखबार के जरिए जनहितों को लेकर संघर्ष किया। पब्लिक स्कूल एसोसिएशन अध्यक्ष प्रवींद्र रौतेला ने कहा कि स्व. शाह के केंद्र मेें हमेशा आम व्यक्ति रहा, जिसकी समस्या, पीड़ा को दूर करने की कोशिश की।
स्व. शाह के साथ काम कर चुके या लंबे समय से जुड़े लोगों ने भी उनके साथ बिताए क्षणों को याद करने के साथ ही अनुभव साझा किए। सभी ने कामना की उनके परिवार को इस दुख से जल्द उबरने की ईश्वर शक्ति प्रदान करें। साथ ही उनकी पत्नी और बेटों को ढांढस बंधाया।
श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में सिंचाई मंत्री यशपाल आर्य, मेयर डा. जोगेंद्र सिंह रौतेला, उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपति सुधांशु धूलिया, विभागाध्यक्ष गोविंद सिंह, मंडी चेयरमैन सुमित हृदयेश, डा. जेएस खुराना, डा. नीलांबर भट्ट, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर बेंजवाल, ताराचंद गुरुरानी, अरविंद मलिक, अशोक पांडे, राम सिंह कैड़ा, ललित जोशी, दीपक बल्यूटिया, नवीन वर्मा आदि थे।