घायल को खाई से निकालने के लिए पगड़ी उतारने वाले अमरप्रीत
हल्द्वानी में भुजियाघाट के पास दो युवक मंगलवार को खाई में गिर गए। खाई में गिरे युवकों को बाहर निकालने के लिए मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी अमरप्रीत ने पगड़ी उतारकर मदद के लिए सौंप दी। गुरु की शिक्षा और गुरु के मंत्र को मानवता की सेवा में लगाने वाले अमरप्रीत का कहना है कि किसी की जान बचाने से बड़ा कोई धरम नहीं है। अमरप्रीत के इस इंसानियत भरे काम से एक युवक की जान बचाई जा सकी।
अमरप्रीत ने बताया कि वह परिजनोें को काठगोदाम रेलवे स्टेशन छोड़कर कार से वापस नैनीताल जा रहे थे। करीब सवा सात बजे भुिजयाघाट से कुछ दूर झरने के पास पता चला कि दो युवक खाई में गिर गए हैं। एक को बाहर निकाल लिया गया था जबकि दूसरे को बाहर निकालने के लिए खाई में उतरे लोग रस्सी मांग रहे थे।
गुरु की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए मैंने पगड़ी उतारकर दी। वहीं मौजूद एक शख्स ने अपना परना उतारकर खाई में उतरे लोगों को दे दिया। इसके बाद दूसरे घायल को निकाल लिया गया। वहां खाई में गिरे युवकों की मदद के लिए करीब 20-25 लोग थे। अमरप्रीत का कहना है कि पगड़ी से किसी की जान बच सकती है तो ऐसा किया। अमरप्रीत पेशे से व्यवसायी हैं।
एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
भुजियाघाट में मंगलवार की देर शाम स्कूटी सवार दो युवक खाई गिर गए। प्राइवेट अस्पताल ले जाने पर एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है।नैनीताल रोड से मंगलवार की रात स्कूटी से आ रहे दो युवक भुजियाघाट स्थित खाई में नीचे गिर गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद काठगोदाम थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को किसी प्रकार निकालकर 108 नंबर एंबुलेंस से अस्पताल के लिए भेज दिया। डॉक्टरों ने बताया कि एक युवक की पहले ही मौत हो चुकी थी। घायल युवक ने अपना नाम मयंक पांगती निवासी त्रिलोक नगर मल्ली बमौरी बताया है। मृत युवक के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।
हल्द्वानी भुजिया घाट में स्कूटी के साथ दो लोग गिरे। अमर उजाला