इधर, शुक्रवार को डीएफओ चंद्रशेखर जोशी ने अधिकारियों के साथ कसाइल गांव पहुंचकर मृतका इंदिरा देवी के परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। डीएफओ ने बताया कि मृतक के परिजनों को चार लाख मुआवजा दिया जाएगा। विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया है। 18 ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे। तेंदुए या बाघ के हमले को लेकर जानवर के पदचिह्नों की जांच की जा रही है। डीएफओ ने कहा कि वनकर्मियों की ओर से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
प्रधान लक्ष्मण सिंह गंगोला ने बताया कि महिला की मौत के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पूर्व कनिष्ठ प्रमुख रामपाल सिंह गंगोला ने कहा कि वन विभाग की ओर से जल्द तेंदुए को नहीं पकड़ा गया तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा। विधायक राम सिंह कैड़ा ने वन मंत्री से महिला को मौत के घाट उतारने वाले तेंदुए को आदमखोर घोषित करने की मांग की है। मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।