ज्योलीकोट (नैनीताल)। मानसूनी बारिश ने लोगों के लिए आफत खड़ी कर उनका जीवन अस्तव्यस्त कर दिया। शुक्रवार रात से हो रही तेज बारिश से शनिवार तड़के हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग में दो गांव के पास हाईवे का एक बड़ा हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आकर खाई में समा गया।
मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर चौकी इंचार्ज जेएस संधू ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बड़े वाहनों की आवाजाही को रोकने के साथ छोटे वाहनों को बारी-बारी से भेजा। इससे पहले ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरभट्टी के पुल के पास भूस्खलन ने पहले ही लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर रखी थी। हाईवे के क्षतिग्रस्त होने के बाद कुछ देर छोटे वाहनों का आवागमन चला लेकिन मार्ग को दुरुस्त करने के लिए वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई, जबकि नैनीताल से आ रहे वाहनों को रूसी बाईपास से भेजा गया।
एनएच ने 11 बजे यातायात रोककर जेसीबी से मार्ग के ऊपरी हिस्से का कटान कर दोपहर 1:30 बजे मार्ग को सभी वाहनों के लिए खोल दिया गया।
विभाग के अवर अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। दूसरी ओर वीरभट्टी में भी रात में आए मलबे को शनिवार सुबह साफ कर 7 बजे यातायात शुरू किया गया लेकिन 9 बजे एक बार फिर मलबा गिरने से 1 घंटे तक यातायात बाधित हो गया। वहीं शाम चार बजे फिर मलबा आने से मार्ग बंद हो गया, जिसे 5 बजे खोल दिया गया। समाचार लिखे जाने तक दोनों स्थलों पर आवागमन जारी रहा।
भीमताल-रानीबाग मार्ग पर लगातार बढ़ रहा वाहनों का दबाव
भीमताल-रानीबाग मार्ग पर छोटे वाहनों का लगातार दबाव बढ़ रहा है, जबकि रानीबाग पुल के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने पर प्रशासन ने बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। वहीं ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग हाईवे पर वीरभट्टी के पास मलबा और हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे के क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों और यात्रियों की समस्या बढ़ गई है। ऐसे में उक्त मार्ग पर हादसे के भय को देखते हुए छोटे वाहनों की आवाजाही भीमताल-रानीबाग मार्ग से हो रही है। इससे उक्त मार्ग पर वाहनों के अधिक दबाव के चलते भी लोगों में मार्ग के क्षतिग्रस्त होने का भय बना हुआ है।
कोट
दोगांव के पास सड़क के क्षतिग्रस्त होने पर सुरक्षा की दृष्टि से बड़े वाहनों की आवाजाही को रोका गया है लेकिन छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है। वाहन चालक दोगांव के पास से गुजरते समय सावधानी बरतें। - हरीश वर्मा, एएसपी नैनीताल