हल्द्वानी। प्रभागीय वनाधिकारी ने तराई केंद्रीय वन प्रभाग के बैरियर पर अवैध वसूली के मामले में डिप्टी रेंजर और दो वन दरोगाओं के निलंबन की संस्तुति की है।
तराई केंद्रीय वन प्रभाग के रुद्रपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले मसीत बैरियर पर अवैध वसूली का मामला आठ अगस्त को डीएफओ ने पकड़ा था। बैरियर पर बाहरी लोगों की ओर से वसूली करने की बात सामने आई थी। मामले में वन कर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठे थे। अब एक डिप्टी रेंजर और दो वन दरोगाओं के निलंबन की संस्तुति की गई है। प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. अभिलाषा ने बताया कि निलंबन की संस्तुति वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त को भेजी गई है। उधर, वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त राहुल का कहना है कि अभी संस्तुति संबंधी पत्र नहीं मिला है। पत्र मिलने और आवश्यक परीक्षण कर संस्तुति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुछ बैरियर को बंद किया जा सकता है
हल्द्वानी। वन विभाग के बैरियर की उपयोगिता को लेकर सवाल उठते रहे हैं। वन विभाग भी मान रहा है कि कुछ चुनिंदा स्थानों पर बैरियर होने पर भी बेहतर ढंग से वन उपज आदि की जांच हो सकती है। डीएफओ अभिलाषा के अनुसार अनुपयोगी साबित हो रहे बैरियर को रिपोर्ट के आधार पर हटाया जा सकता है। यहां के वन कर्मियों की जंगल की सुरक्षा से जुड़े कार्यों पर लगाया जा सकता है।