हल्द्वानी। शहरी विकास निदेशालय ने हल्द्वानी में तैनात सहायक नगर आयुक्त के खिलाफ जांच बैठा दी है। दो सदस्यीय जांच टीम को एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।
नगर पालिका सितारगंज में राजीव आवास योजना के तहत करीब 550 आवास बने थे। आवास बनने के दौरान इन आवासों में कई कमियों को लेकर शिकायतें हुईं थीं। शिकायतों के बाद शासन ने तत्कालीन अधिशासी अधिकारी और अब नगर निगम में एसएनए के पद में तैनात सरिता राणा से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा था। इसकी जांच करने के लिए दो सदस्यीय टीम भी गठित की थी। गठित टीम ने बताया था कि राजीव आवास की कमियों का निराकरण तत्कालीन अधिशासी अधिकारी ने कर दिया है।
अब शहरी विकास विभाग के निदेशक ललित मोहन रयाल ने दोबारा दो सदस्यीय जांच दल का गठन कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। जांच टीम में सहायक निदेशक शहरी विकास विनोद कुमार और हल्द्वानी में तैनात सामाजिक विकास विशेषज्ञ सुरेश अधिकारी को रखा गया है। आदेश में कहा गया है कि सरिता राणा ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति मांगी है जिस पर निर्णय किया जाना है। इसलिए स्थलीय निरीक्षण कर पाई गईं कमियों के निराकरण के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
शहरी विकास निदेशक ललित मोहन रयाल ने बताया कि जांच टीम को स्थलीय निरीक्षण कर कमियों के निराकरण के संबंध में एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।