नैनीताल। कुमाऊं में पर्यटकों को सुविधा देने के लिए डीआईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने मिशन अतिथि अभियान शुरू किया है। जिसके तहत कुमाऊं मंडल विकास निगम ने पुलिस कर्मियों को दो दिवसीय प्रशिक्षण देगा। ताकि पुलिस पर्यटकों को कुमाऊं के पर्यटन स्थलों की सही जानकारी दे सकें। बकौल डीआईजी इससे पुलिस और पर्यटकों का रिश्ता भी मजबूत होगा।
बता दें कि सीजन के दौरान कुमाऊं में लाखों पर्यटक घूमने आते हैं। कई बार पर्यटक पुलिस से पर्यटन स्थल की जानकारी मांगते हैं लेकिन जानकारी के आभाव में पुलिस भी पर्यटकों को सही जानकारी नहीं दे पाती। वहीं सीजन में कई बार पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार, आपराधिक वारदात, पर्यटकों से ज्यादा शुल्क लेने की घटनाएं सामने आती हैं। जिसको देखते हुए डीआईजी डॉ. नीलेश आंनद भरणे ने मिशन अतिथि अभियान चलाया है। डीआईजी ने बताया कि 18 और 19 दिसंबर को पर्यटन पुलिस के लिए उपनिरीक्षकों और आरक्षियों को दो दिवसीय प्रशिक्षण पुलिस लाइन नैनीताल में होगा। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को पर्यटकों से बात करने, पर्यटन स्थलों, व्यवस्थाओं और रोड मैप की जानकारी दी जाएगी।
पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों को देंगे निर्देश
नैनीताल। पर्यटकों की सुविधा के लिए अभियान के तहत होटल कारोबारियों, टैक्सी चालकों, रेस्टोरेंट संचालकों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए जाएंगे। डीआईजी भरणे ने बताया कि होटल और रेस्टोरेंट स्वामियों से रेट लिस्ट चिपकाने को कहा जाएगा। साथ ही पर्यटकों के साथ शालीनता से पेश आने के लिए कहा जाएगा। वहीं टैक्सी एसोसिएशन को भी चालकों के ड्रेस कोड, नेम प्लेट और रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा पर्यटकों के लिए सीजन से पहले ही प्रीपेड बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
पर्यटन स्थलों में जरूरी जानकारियां अंकित होंगी
नैनीताल। डीआईजी भरणे ने कहा कि सभी पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए जरूरी जानकारियां लिखित रूप में अंकित की जाएंगी। प्रत्येक पर्यटन स्थल में पुलिस हेल्प लाइन नंबर, रुट मैप, साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही भीड़ भाड़ वाले पर्यटक स्थल में पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। पर्यटन सीजन में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने पर पर्यटक मित्र भी तैनात किए जाएंगे। बताया कि पर्यटक मित्र एनएसएस या एनसीसी कैडेट्स हो सकते हैं या कोई स्थानीय व्यक्ति भी हो सकता है। जो पर्यटकों को क्षेत्र की जानकारी दे सके।
पार्किंग व्यवस्था कर पर्यटकों को देंगे सुविधा
नैनीताल। डीआईजी ने कहा कि पर्यटन के समय कुमाऊं में सबसे ज्यादा दिक्कत पार्किंग की होती है साथ ही जाम भी लगता है। कहा कि सीजन से पहले पर्यटकों के वाहनों के लिए संबंधित विभाग से समन्वय बनाकर समुचित पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। ताकि पर्यटकों को दिक्कक्तों का सामना न करना पड़े और यातायात में भी अवरोध पैदा न हो।