लालकुआं (नैनीताल)। पांच दिन पूर्व बिंदुखत्ता में युवक पर हुए हमले के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर भड़के ग्रामीणों ने कोतवाली के सामने प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए उन्हें खदेड़ दिया। साथ ही चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
रविवार शाम बिंदुखत्ता क्षेत्र के कई युवक कोतवाली पहुंचे और शास्त्रीनगर निवासी धीरज पांडे पर हुए हमले के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार शाह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने युवकों से वार्ता की लेकिन वह इससे नहीं हुए और कोतवाली के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सीओ और कोतवाली प्रभारी ने उनसे ऐसा नहीं करने की अपील की। जब वह नहीं माने तो पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए सभी को खदेड़ दिया।
इधर, प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे तराई भाबर बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक रमेश पलड़िया समेत चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। देर रात पकड़े गए रमेश पलडिया, प्रकाश पांडे, मनोज जोशी, नवीन पंत, नाभादास के खिलाफ शांति भंग की धारा 151 के तहत चालान कर दिया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को कई बार समझाया गया लेकिन वहीं नहीं माने और कोतवाली का रास्ता अवरुद्ध करते नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।