भीमताल (नैनीताल)। तल्ला रामगढ़ के श्री अरबिंदो आश्रम मधुबन में मंगलवार को श्री अरबिंदो के 150वें जन्मोत्सव की श्रृंखला के तहत ग्रामीण महिलाओं को कुमाऊं के लोकपर्व हरेला के उपलक्ष्य में फलदार और छायादार पौधे वितरित किए गए।
अमर उजाला फाउंडेशन और श्री अरबिंदो आश्रम मधुबन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में आश्रम की डायरेक्टर डॉ. अंजू खन्ना के नेतृत्व में 35 से अधिक महिलाओं को अनार, कचनार समेत अन्य प्रजाति के पौधे वितरित किए गए।
डॉ. अंजू खन्ना ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रामीणों को पौधे वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से पौधों को लगाने के साथ उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। कहा कि समय-समय पर श्री अरबिंदो आश्रम ग्रामीणों को निशुल्क पौधे उपलब्ध करा रहा है। डॉ. कुमकुम वत्स, डॉ. अविनाश कुलकर्णी ने भी ग्रामीणों को पौधे वितरित करने के साथ उनका संरक्षण करने के लिए कहा।
कार्यक्रम में नेहा दरम्वाल, भावना साह, पुष्पा बिष्ट, निर्मला भंडारी, खुशबू भट्ट, कविता, दीपा, रूपा सुयाल, हेमलता सुयाल, तुलसी देवी, सुगंधा सुयाल, सरिता, भावना, गीता बिष्ट, सीता बिष्ट, हिमांशु कांडपाल आदि मौजूद रहे।
उद्यान विभाग ने उपलब्ध कराए अनार के पौधे
जिला उद्यान विभाग की ओर से अमर उजाला फाउंडेशन को 300 पौधे अनार के उपलब्ध कराए गए हैं। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पौधरोपण का बेहतर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से पौधों को लगाने के साथ उनका संरक्षण हर हाल में करने का आह्वान किया है ताकि पर्यावरण का संरक्षण बना रहे। कचनार के पौधे वन विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए हैं।