हल्द्वानी। कांग्रेस की सूची जारी न होने से दावेदार बेचैन हैं। बताया जा रहा है कि केंद्रीय चुनाव समिति ने कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची फाइनल कर दी है लेकिन प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं हुई है। कांग्रेस के कालाढूंगी, हल्द्वानी, लालकुआं, रामनगर सीटों के कई दावेदार पिछले 10 दिनों से दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। शुक्रवार को हुई कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया था। शनिवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों को लेकर मंथन और रायमशविरा किया गया और सूची पर केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर लग चुकी है। इधर बताया जा रहा है कि रविवार को ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो सकती है।
स्वराज आश्रम में टिकट को लेकर लगते रहे कयास
हल्द्वानी। केंद्रीय चुनाव समिति की दिल्ली में प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को बैठक के दौरान कई कांग्रेसी स्वराज आश्रम पहुंचे। कांग्रेसी प्रत्याशियों के टिकट को लेकर कयास लगाते दिखे। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल, जीवन कार्की, हाजी सुहैल सिद्दीकी, जगमोहन चिलवाल, बहादुर सिंह बिष्ट, सतनाम सिंह मौजूद रहे।
कालाढूंगी सीट से प्रत्याशी उतारेगी उपपा
हल्द्वानी। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि पार्टी कालाढूंगी विधानसभा सीट से प्रत्याशी उतारेगी। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि धन बल, बाहुबल और तिकड़मों से विकास के झूठे नारों की हकीकत से सत्ता हथियाने वालों के कारनामे आज समाज के सामने आ चुके हैं। बैठक में विनोद जोशी, डाक तार विभाग के पूर्व मंडलीय अध्यक्ष भूपाल धपोला, अल्मोड़ा अर्बन कॉपरेटिव बैंक के पूर्व डायरेक्टर बिशन दत्त सनवाल, सुरेश उनियाल, अमीन्नुर रहमान, जगदीश बिष्ट, एलएम तिवारी, एडवोकेट रंजना सिंह आदि मौजूद रहीं।