हल्द्वानी। चुनाव के दौरान जिले में प्रवेश करते ही लोग सीसीटीवी की जद में आएंगे। जिला प्रशासन सीमा के 13 चेक पोस्टों और 20 स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) को सीसीटीवी से जोड़ रहा है।
शहर मेें यदि कोई अपराध कर भागता है तो उसे सीसीटीवी कैमरे की मदद से पीछा करना आसान होगा। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि जिला प्रशासन चुनाव को निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए सीसीटीवी लगा रहा है। लालकुआं के सुभाषनगर बैरियर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। चोरगलिया चेकपोस्ट पर कैमरे लगाए जा रहे हैं। रामनगर थाना क्षेत्र में गड़प्पू बैरियर सहित चार स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे। अल्मोड़ा जाने वाले मार्गों पर भी सीसीटीवी लगाए जाने की व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार शहर के अंदर 20 स्थानों पर स्टेटिक सर्विलांस टीम को भी कैमरे से लैस किया जाएगा। जिले में घुसने वाली हर गाड़ियां कैमरे की निगरानी में रहेगी।
सीओ लालकुआं शांतनु पाराशर ने बताया कि कुछ सीसीटीवी के डीबीआर में स्टोरेज क्षमता कम है। ऐसे डीबीआर की स्टोरेज क्षमता को भी बढ़ाया जाएगा। सीमा के चेकपोस्टों पर रजिस्टर भी रखा जाएगा। राजपत्रित अधिकारी रजिस्टर को चेक भी करेंगे।