हल्द्वानी। मानदेय की मांग को लेकर सोमवार से राजकीय मेडिकल कालेज में प्रांतीय चिकित्सा संघ के तहत कार्यरत पीजी जेआर (डॉक्टर) हड़ताल पर चले जाएंगे। राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य ने रविवार को उनसे बात की, मगर बात नहीं बनी।
बता दें कि प्रांतीय चिकित्सा संघ ने मांगों को लेकर पिछले माह आंदोलन किया था। मांगे न माने जाने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी। शासन स्तर पर वार्ता होने के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया था। राजकीय मेडिकल कालेज में कार्यरत 59 पीजी जेआर ने पिछले सप्ताह प्राचार्य को पत्र देकर 26 अक्तूबर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी।
प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा ने बुलाकर बात की मगर कोई नतीजा नहीं निकला।
डॉ. भैसोड़ा ने बताया कि उनकी मांगों को लेकर शासन स्तर पर कार्रवाई चल रही है। 28 अक्तूबर को कैबिनेट में मामले के आने की संभावना है। चिकित्सा-शिक्षा निदेशक ने भी मामला जल्द सुलझने का आश्वासन दिया है। सोमवार को पीजी जेआर से एक बार फिर वार्ता कर हड़ताल पर न जाने के लिए कहा जाएगा।