किच्छा। कुवैत भेजने के नाम पर शहदौरा निवासी रियाज अहमद से तीन लोगों ने एक लाख रुपये ठग लिए। अदालत के आदेश पर पुलभट्टा थाने में तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
शहदौरा निवासी रियाज अहमद ने सिविल जज को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उसने भारत से कुवैत जाने के लिए रिजवानुद्दीन और उसके भाई मोईन निवासी बोरिंग गली से मुलाकात की। दोनों ने कुवैत का वीजा दिलवाने का भरोसा दिलाया। उसने अपना पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज दिखाए तो कहा गया कि वह कागजात को अपने सीनियर शहनवाज निवासी उमर काॅलोनी पहाड़ी गेट रामपुर को दिखाएंगे। दो दिन बाद तीनों ने बताया कि एक लाख खर्च आएगा। उसने तीनों के अलग-अलग खातों में एक लाख एक हजार रुपये डलवा दिए। आरोप लगाया कि अब तीनों टालमटोल कर धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।