लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता के गांधी नगर में एक डेढ़ वर्षीय बच्ची की पानी की बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। हादसे के समय बच्ची के परिजन घर में पूजा की तैयारी कर रहे थे। मासूम की मौत से परिवार मां बदहवास है।
बिंदुखत्ता के गांधीनगर निवासी सूरज सिंह कार्की परिजनों के साथ घर मेें पूजा की तैयारी कर रहे थे। इसी समय उनकी पत्नी रेखा बर्तन साफ कर रही थी। वहीं खेलते समय घर में रखी पानी से भरी बाल्टी के सहारे मासूम सान्वी खड़ी हो गई और परिजनों का ध्यान उस पर नहीं गया। इसी दौरान सान्वी का बैलेंस बिगड़ा और वह मुंह के बल बाल्टी में गिर गई। कुछ देर बाद जब परिजनों का ध्यान सान्वी की ओर गया तो उन्हें मासूम बाल्टी में औंधे मुंह गिरी मिली। परिजनों ने उसे आननफानन में बाहर निकाला लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया।
बता दें कि शनिवार को भी हल्द्वानी के एसटीएच में तैनात वार्ड ब्वाय के मासूम बेटे की भी गर्म पानी की बाल्टी में गिरने से मौत हो गई थी।