नैनीताल। वर्षों से उपेक्षित धारी ब्लॉक के भटेलिया बाजार की भी सूरत बदलने वाली है। जिला प्रशासन बाजार को ठीक उसी तरह संवारने की तैयारी कर रहा है जैसे नैनीताल की खड़ी बाजार को संवारा गया है। इससे क्षेत्र में पर्यटक गतिविधियों में भी इजाफा होगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए 1.80 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
नैनीताल से करीब 45 किमी दूर भटेलिया का बाजार से धानाचूली, मुक्तेश्वर, शीतला और भवाली की ओर आवागमन होता है। पहाड़ जाने वाले अधिकतर सैलानी भटेलिया होते हुए ही यात्रा करते हैं। पूर्व में यहां परंपरागत शैली वाले घर थे लेकिन समय के साथ यहां भी कंक्रीट के लिंटर वाले घरों ने जगह ले ली है।
डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि बाजार के सौंदर्यीकरण के लिए शासन को 1.80 करोड़ का प्रस्ताव भेजा है। बताया कि बाजार का सौंदर्यीकरण पारंपरिक कुमाऊंनी शैली में कराया जाएगा। इसमें अल्मोड़ा के पारंपरिक पत्थरों की मदद ली जाएगी।
मुक्तेश्वर में हस्तशिल्प केंद्र और कैफे के लिए एक करोड़ रुपये मंजूर
नैनीताल। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि मुक्तेश्वर स्थित पुलिस थाने के पुराने भवन का जीर्णोद्धार कर वहां हस्तशिल्प केंद्र और कैफे विकसित किया जाएगा। इसके लिए शासन ने एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस भवन की मरम्मत और सौंदर्यीकरण भी कुमाऊंनी शैली में कराया जाएगा। गर्ब्याल ने बताया कि यहां आने वाले सैलानियों को कैफे समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
हाईटेक शौचालय का निर्माण भी शुरू
नैनीताल। डीएम धीराज सिंह की पहल पर कार्यदायी संस्था ने भटेलिया में हाईटेक सार्वजनिक शौचालय निर्माण शुरू कर दिया है। शौचालय का निर्माण भी पत्थरों से कराया जा रहा है। इसमें करीब 40 लाख रुपये का खर्च होंगे।