नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में पर्यटकों की भीड़-भाड़।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। गांधी जयंती और वीकेंड एकसाथ होने से शनिवार को नैनीताल के अधिकतर छोटे-बड़े होटल पैक हो गए और सैलानियों को कोई भी पार्किंग स्थल खाली नहीं मिला। सुबह से लेकर देर रात तक नैनीताल सैलानियों से पैक रहा और सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। पर्यटन व्यवसायियों की मानें तो सप्ताहांत के दो दिनों में नैनीताल में पांच हजार से अधिक छोटी-बड़ी गाड़ियां और 30 हजार से अधिक सैलानी पहुंचे हैं।
नैनीताल में शुक्रवार से ही सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था। शुक्रवार देर शाम से ही नैनीताल के पार्किंग स्थल पैक होने लगे थे। शनिवार सुबह से सैलानियों के उमड़ने से नैनीताल-हल्द्वानी रोड, नैनीताल-भवाली रोड, अपर व लोअर माल रोड, मस्जिद तिराहा, हाईकोर्ट रोड, किलबरी, हिमालय दर्शन और बारापत्थर को जाने वाली सड़क के अलावा नैनीताल-कालाढूंगी रोड पर वाहन रेंगने लगे थे। दोपहर बाद नैनीताल के चारों ओर की सड़कों पर रुक-रुककर जाम लगता रहा। पुलिस शनिवार दोपहर बाद हनुमानगढ़ी, टूटा पहाड़ और बारापत्थर क्षेत्र से सैलानियों के वाहनों को रोक रोककर छोड़ रही थी। इसके बावजूद शहर की आंतरिक सड़कों पर जाम की स्थिति रही। इससे स्थानीय लोगों और सैलानियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तल्लीताल स्थित चुंगी के संचालक राजेश वर्मा के मुताबिक नैनीताल में देर शाम तक माल रोड से 1200 से अधिक वाहन प्रवेश कर चुके थे। कालाढूंगी रोड से सैलानियों के डेढ़ हजार से अधिक वाहन नैनीताल में पहुंचे। सैलानियों की भीड़ बढ़ने से मेट्रोपोल, डीएसए और सूखाताल स्थित पार्किंग स्थलों के अलावा सभी छोटे पार्किंग स्थल भी वाहनों से पैक रहे।
तीन से चार गुना तक बढ़े होटलों में कमरों के रेट
नैनीताल। सैलानियों की भीड़ बढ़ने से माल रोड और इसके आसपास के अधिकांश होटल दोपहर बाद पैक हो गए। दोपहर बाद सैलानियों को नैनीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित होटलों में कमरे लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। पर्यटकों की भीड़ बढ़ने पर कुछ होटल व्यवसायियों ने होटलों के कमरों के रेट दो से तीन गुने तक बढ़ा दिए। नैनीताल की माल रोड में शनिवार को एक कमरे का किराया पांच हजार रुपये से 12 हजार रुपये तक रहा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीन हजार से आठ हजार रुपये तक कमरे लगे। गेस्ट हाउसों और होम स्टे वालों की भी चांदी रही। इस संबंध में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश साह का कहना है कि उन्हें भी शिकायत मिली है कि जू रोड पर लीज पर चल रहे कुछ होटल वालों ने कमरों का किराया बढ़ा दिया है, लेकिन इसमें एसोसिएशन का कोई सदस्य शामिल नहीं है। कहा कि वह ऐसे होटलों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।