देवलचौड़ मानपुर पश्चिम में दिवार पर बैठा तेंदुआ। फोटो:संजय कुमार
हल्द्वानी। देवलचौड़ क्षेत्र स्थित पालम सिटी में कुछ समय पूर्व लगातार एक तेंदुए के दिखने से दहशत का माहौल बन गया था। कुछ दिन तक क्षेत्र में वन विभाग की गश्त के बाद तेंदुआ मानपुर पश्चिम गांव में दिखाई दिया। तेंदुए का मूवमेंट पता करने के लिए वन विभाग ने ड्रोन कैमरे की मदद ली जिसमें तेंदुआ नजर आया। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाने के साथ ही क्षेत्र में ट्रैप कैमरा भी लगाया गया।
कुछ दिन तक तेंदुए की कोई आहट न मिलने के बाद बृहस्पतिवार की रात करीब 9:30 बजे लोगों ने मानपुर पश्चिम गांव से लगी ओपन यूनिवर्सिटी की दीवार पर एक तेंदुए को बैठा देखा। स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी यूसी आर्या अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पटाखों की आवाज से तेंदुए को भगाया। इस मौके पर पार्षद राजू नेगी, मनोज जोशी, धीरू नेगी आदि मौजूद रहे।