हल्दूचौड़। कौतिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था हल्दूचौड़ के आयोजन में चल रहे उत्तरायणी महोत्सव में छठे दिन शनिवार को कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य कलेश चंदोला, केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल अधिकारी ने किया।
लोकगायिका हेमा ध्यानी ने लौडा मोहन तेरी केमू ए गाड़ी..., राकेश जोशी ने खोल दे माता खोल भवानी धारा में केवड़ा... हरेंद्र कठायत ने कमला ग्यों खेत झन जाए... आदि गीतों पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कुमाऊं सांस्कृतिक सेवा समिति की टीमों ने मोतिया बल्दा... की रगारंग प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनमोह लिया। खुर्पताल से विनोद कुमार ने चांदी को बटना..., कविता जोशी ने रूमाली का गाठा आदि गानों से महफिल लूट ली। नींबू चम्मच दौड प्राथमिक वर्ग में सौम्या, महिला वर्ग में नेहा ने बाजी मारी। कुर्सी रेस में लेश साल्वी, रस्सी कूद में हर्षिता आर्या और शंख बजाओ प्रतियोगिता में नवीन भट्ट अव्वल रहे। यहां कौतिक संस्था अध्यक्ष दिनेश पांडे, उपाध्यक्ष कीर्ति पाठक, देवेश गुणवंत, हिमांशु शर्मा, भोला कफल्टिया, पूनम पांडे, सीमा पाठक, पुष्पा असवाल आदि रहे। कार्यक्रम में अमर उजाला मीडिया पार्टनर की भूमिका में है।
मंच निर्माण के लिए 2 लाख देने की घोषणा
उत्तरायणी कौतिक में मुख्य अतिथि रहे रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने मंच निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के भीतर 100 मीटर सड़क जिला योजना में बनाने की बात कही।
खेल प्रतियोगिता में बच्चो ने दिखाया दम
बिंदुखत्ता। उत्तरायणी कौतिक मेला समिति की ओर से बिंदुखत्ता में चल रहे मेले के दूसरे दिन अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के प्रबंधक एवं महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति महाराज ने खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। मेले में स्कूली बच्चों की निबंध और खेल प्रतियोगिता हुईं। महामंडलेश्वर यति महाराज ने कहा कि पर्वतीय संस्कृति को बढ़ावा देने में मेले अहम हैं। मेला समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने बताया कि कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं हुईं। कार्यक्रम में जीवन कबड़वाल, संरक्षक मंडल में खिलाफ सिंह दानू, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, मनोज बसनायत, दीपक जोशी, कमल पांडे आदि थे।