नैनीताल। कुमाऊं विवि डीएसबी परिसर स्थित लंघम को लक्ष्मीबाई और एसआर को गौरा देवी छात्रावास के नाम से जाना जाएगा। बुधवार को सांसद अजय भट्ट ने दोनों छात्रावासों का विधिवत लोकार्पण किया।
डीएसबी परिसर स्थित दोनों ही छात्रावासों का जीर्णोद्धार कार्य बीते दिनों पूर्ण किया गया था, इसमें से छात्रावासों में बेड, रंगाई-पुताई, कामन रूम में फर्नीचर, किचन पुनर्निर्माण जैसे कार्य किए गए थे। बुधवार को दोनों छात्रावासों का जीर्णोद्धार और नामांतरण कार्यक्रम हुआ। कुलपति प्रो.केएस राना ने सांसद अजय भट्ट और विधायक संजीव आर्य को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
सांसद भट्ट ने कहा कि विवि में विकासकार्यों के लिए कुलपति की ओर से फंड की मांग की गई है, जिसमें वह सांसद, विधायक निधि और अन्य मदों से 25 से 50 लाख रुपयों तक विकासकार्यों के लिए विवि को देंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में विवि में विचार गोष्ठी का आयोजन कर उन्हें आमंत्रित किया जाए, जिसमें विवि के विकास के संबंध में चर्चा की जा सके। इस दौरान कुलसचिव महेश कुमार, परिसर निदेशक प्रो.एलएम जोशी, प्रो.पद्म सिंह बिष्ट, प्रो.द्विव्या उपाध्याय, प्रदीप बिष्ट, अरविंद पडियार मनोज जोशी, मोहित रौतेला, हरीश राणा, मोहित साह आदि थे।
सांसद से मिले कृष्णापुर वाले
सांसद अजय भट्ट से नैनीताल क्लब में कृष्णापुर के लोग मिले। विधायक संजीव आर्य और दयाकिशन पोखरिया की मौजूदगी में लोगों ने सांसद से कहा कि प्रशासन ने पहले ही 66 लोगों को विस्थापित कर दिया है। अब 27 लोगों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि अब उन्हें विस्थापित कर बेघर न किया जाए। जिस पर सांसद ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह एवं डीएम सविन बंसल से बात कर लोगों की समस्याओं का समाधान करने को कहा।