देहरादून में सम्मान पाते शिक्षक जेपी तिवारी। संवाद
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राजकीय इंटर कॉलेज बटुलिया के जीव विज्ञान प्रवक्ता जमुना प्रसाद तिवारी को उत्तराखंड साइंस एजूकेशन एंड रिसर्च सेंटर (यूसर्क) के उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान 2022 से नवाजा गया है। आडिटोरियम सर्वे चौक देहरादून में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान दिया गया। जमुना प्रसाद तिवारी पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से जुड़े हैं। वह खाली कनस्तरों से कूड़ेदान बनाकर गांवों और धार्मिक स्थलों पर बांटते हैं।
कंटरमैन नाम से प्रसिद्ध जमुना प्रसाद तिवारी को शिक्षामंत्री डॉ. धन सिंह रावत, देहरादून के मेयर सुनील गामा, यूसर्क की निदेशक अनीता रावत आदि ने प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्हें 11 हजार रुपये की धनराशि भी प्रदान की गई। जमुना प्रसाद तिवारी को 2016 में राज्यपाल, 2017 में शैलेश मटियानी पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।