उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ के कर्मचारियों ने बुधवार को भीमताल जल संस्थान कार्यालय में वेतन नहीं दिए जाने और एरियर का भुगतान नहीं करने पर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ के कर्मचारियों ने बुधवार को भीमताल जल संस्थान कार्यालय में वेतन नहीं दिए जाने और एरियर का भुगतान नहीं करने पर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। भीमताल कर्मचारी संघ अध्यक्ष कमल कनौजिया ने बताया कि कर्मचारियों को तीन-तीन माह तक वेतन नहीं दिया जा रहा है। इससे कर्मचारी अपने घरों का खर्चा नहीं चला पा रहे हैं, साथ ही बच्चों की फीस भी नहीं भर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बढ़े हुए एरियर का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार से वेतन देने की मांग करने पर ठेकेदार नौकरी से हटाने की धमकी दे रहा है। इससे कर्मचारियों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि अगर कर्मचारियों को हर महीने समय से वेतन नहीं दिया गया तो वह काम करना छोड़ देंगे। धरने में भीमताल, भवाली, बेतालघाट, रामगढ़, नथुवाखान से आए कर्मचारियों ने नारेबाजी की। इस दौरान गोपाल आर्या, नीरज रावत, प्रकाश चंद्र, महेंद्र पोखरिया, गोपाल रावत, हितेश फुलारा आदि मौजूद रहे।