10 जून को नहीं मिलेगा शाम की शिफ्ट में पानी
हल्द्वानी में गौला नदी से शीशमहल फिल्टर प्लांट को आने वाली नहर में सिल्ट सफाई के कार्य के चलते उपभोक्ताओं को शाम की शिफ्ट का पानी नहीं मिल पाएगा। जल संस्थान के ईई आरएस लोशाली ने बताया कि गौला बैराज से फिल्टर हाउस को आने वाली नहर की सफाई होनी है। इसी क्रम में 10 जून को शीशमहल फिल्टर प्लांट से कालाढूंगी रोड, रामपुर रोड, नैनीताल रोड, ऊंचापुल, काठगोदाम, लालडांठ क्षेत्र में शाम की शिफ्ट में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। कहा कि 10 जून को लोगों को शाम की शिफ्ट में पानी नहीं मिल पाएगा।
पानी के लिए व्यापारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
नैनीताल नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आए दिन पानी की किल्लत हो रही है। शुक्रवार सुबह तल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष मारूति साह के नेतृत्व में व्यापारी क्रांति चौक पर एकत्र हुए। व्यापारियों ने बीते कई दिनों से बाजार परिक्षेत्र में पानी न आने के विरोध में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि कभी कभार पानी आ भी रहा है तो प्रेशर काफी कम है। जिससे पानी ऊपरी मंजिल तक नहीं चढ़ पा रहा है। अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता करने के बाद चेतावनी दी कि यदि समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो सांकेतिक प्रदर्शन के बाद भविष्य में सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में होटल एसोसिएशन सचिव वेद साह, भानू साह, सोहन लाल साह, नासिर खान, सुशील चौरसिया, अर्जुन, एस वर्मा आदि रहे। जल संस्थान के अधिकारियों के आदेश पर त्वरित अवर अभियंता गोपाल कार्की मौके पर पहुंचे। कहा शीघ्र टीम से पड़ताल कराई जाएगी।