हल्द्वानी। अक्सर लोग घरेलू सिलिंडरों में गैस कम होने की शिकायत करते हैं। घर-घर सिलिंडर पहुंचाने वालों से इस मामले में बहस भी होती है। यदि आपको अपने सिलिंडर में गैस कम होने का शक है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। इंडेन ने अब पारदर्शी कंपोजिट सिलिंडर उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध करा दिए हैं।
आप चाहें तो पारदर्शी कंपोजिट सिलिंडर युक्त नया कनेक्शन ले सकते हैं। जिनके पास कनेक्शन है और वह अपने 14.2 किलो के मौजूदा सिलिंडर के बदले रीफिल कराना चाहते हैं तो उन्हें भी यह सुविधा मिलेगी। इंडेन गैस एजेंसी हल्द्वानी के प्रबंधक रवि मेहरा ने बताया कि कंपोजिट सिलेंडर की खासियत है कि यह 10 किलो और 5 किलो में उपलब्ध हैं। पूरी तरह पारदर्शी होने से इसमें गैस साफ दिखाई देती है। कंपोजिट 10 किलो सिलिंडर की सिक्योरिटी राशि 3350 और 5 किलो की सिक्योरिटी राशि 1675 रुपये है। 10 किलो के सिलिंडर को रीफिल कराने पर 648 रुपये और पांच किलो के लिए 325 रुपये देने होंगे।