नैनीताल। पटवाडांगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने के लिए पटवाडांगर में दोबारा निरीक्षण कर मूल्यांकन रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। शासन से एनओसी मिलने पर पटवाडांगर में प्लांट का कार्य शुरू हो सकता है।
नैनीताल में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी 96.15 करोड़ की लागत से नई सीवर लाइन विछाने व रूसी बाईपास में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का कार्य कर रही है। बारिश में बरसाती नाले में पानी का बहाव तेज होने से सीवर प्लांट की तलहटी पर भू-कटाव से प्लांट खतरे की जद में आ गया था। इस कारण कार्यदायी संस्था ने अगस्त 2023 में एसटीपी का काम रोक दिया। कार्यदायी संस्था ने एसटीपी के लिए पांच एकड़ भूमि पटवाडांगर में चिह्नित कर ली थी। शासन ने सैद्धांतिक स्वीकृति दी तो रूसी में कार्य बंद कर पटवाडांगर में एसटीपी बनाने की तैयारियां हो गईं। लेकिन सर्वेक्षण के लिए आईआईटी रुड़की की टीम पहुंचने से पहले ही शासन ने पटवाडांगर में एसटीपी प्लांट बनाने पर रोक लगा दी। अब शासन ने दोबारा प्रशासन, कार्यदायी संस्था, यूआईआईडीबी, कुविवि, जल संस्थान, वन विभाग की कमेटी बनाकर मूल्यांकन कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है।