हल्द्वानी। काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र स्थित गौला गौलापार बाईपास पर 21 अक्तूबर की देर रात करीब 11 बजे दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में गौलापार की तरफ जा रहे बाइक सवार संजय कार्की (24) की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार दंपती व उनके बच्चे के मामूली चोटें आईं। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद संजय का शव परिजनों को सौंपा गया।
पुलिस के अनुसार, संजय गौलापार स्थित सुल्तान नगरी के रहने वाले थे और मजदूरी करते थे। बुधवार देर रात वह बाइक पर काठगोदाम से गौलापार की तरफ जा रहे थे। स्टेडियम के पास सामने से आ रही बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में संजय की बाइक टक्कर लगकर नहर की तरफ जा गिरी। मौके पर ही संजय की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने संजय को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों का प्राथमिकी उपचार कराया गया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।