लालकुआं। पूर्व मुख्यमंत्री और लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत ने प्रदेश में सफल मतदान के लिए मतदाताओं, प्रशासन और चुनाव आयोग का आभार जताया। कहा कि मतदान के प्रति मतदाताओं में खासा उत्साह था। मतदान को लेकर मतदाताओं ने जो रुचि दिखाई है उससे संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश में परिवर्तन तय है। कहा कि अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और रुके हुए सारे विकास कार्य शुरू होंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने सोमवार तल्ली हल्द्वानी स्थित अपने कैंप ऑफिस में पूजा अर्चना की और तल्ली हल्द्वानी स्थित नागेश्वर मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद मतदान केंद्रों का जायजा लेने निकले। सबसे पहले तल्ली हल्द्वानी गौजाजाली, उत्तर शिशु भारती इंटर कॉलेज में बने पोलिंग बूथों का जायजा लिया और मतदाताओं से मिले।
इसके बाद राजकीय प्राथमिक विद्यालय गौजाजाली, धौलाखेड़ा, सूपी भगवान पुरम, हाथी खाल, मोटाहल्दू, जयपुर खीमा, जयपुर बीसा आदि मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। रावत ने बरेली रोड, लालकुआं, बिंदुखत्ता, गौलापार, चोरगलिया में विभिन्न बूथों का जायजा लिया। कई बूथों पर मतदान प्रक्रिया धीमी होने की शिकायत मिलने पर अधिकारियों से बात की। इधर पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरेंद्र बोरा ने विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग बूथों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मैं उत्तराखंड का चौकीदार हूं : रावत
लालकुआं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के लालकुआं विधानसभा सीट से उम्मीदवार हरीश रावत ने गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं उत्तराखंड का चौकीदार हूं। केंद्रीय गृहमंत्री होने के बावजूद शाह ने मुझे धोबी का.... न घर का न घाट का बताकर अपनी छोटी मानसिकता का परिचय दिया है।
कहा मैं उत्तराखंड का चौकीदार हूं। शाह जी याद रखिए समय आने पर मैं भौंकूंगा भी और काटूंगा भी। शाह ने अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल किया है उसे देव भूमि की जनता माफ नहीं करेगी। रावत ने कहा कि भाजपा को अपनी हार का एहसास हो चुका है इसलिए उनके शीर्ष नेता इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार ने अगर विकास कार्य किए होते तो उसका बखान करते। उनके पास कुछ बताने को नहीं है इसलिए मेरे खिलाफ इस तरह आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।