हल्द्वानी। रामपुर रोड पर नैनीताल जिले के सीमा पर टांडा जंगल में बृहस्पतिवार सुबह एक युवक की लाश मिली। अर्द्धनग्न हालत में मृत मिले युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे युवक की हत्या कर शव यहां फेंकने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस चेक पोस्ट व रेलवे फाटक से पश्चिम की ओर करीब दो किलोमीटर दूर टांडा जंगल में बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी राजेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास लोगों से जानकारी ली। पुलिस को मौके से युवक के पास से कोई सामान नहीं मिला है। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष मानी गई।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के निशान हैं। एसओजी व फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को देखकर प्रतीत होता है कि 10 से 12 घंटे पहले ही युवक की मौत हुई है। टांडा बैरियर के पास चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कोतवाल ने बताया कि मामले की हर बिंदु से जांच की जा रही है। संवाद