हल्द्वानी। महिला कॉलेज की एमए तृतीय सेमेस्टर अंग्रेजी की छात्रा नव्या पांडे का चयन आबुधाबी में 13 से 16 सितंबर तक होने वाले एशियन गेम जुजुत्सु के लिए हुआ है। वह कई राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर कई पदक जीत चुकी हैं।
छात्रा की आर्थिक स्थिति को देखते हुए नैनीताल बैंक की एमबीपीजी शाखा प्रायोजक के रूप में आगे आई है। बैंक ने आर्थिक सहयोग कर उसके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मार्ग प्रशस्त किया है। नैनीताल बैंक के प्रबंधक निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश पंत ने कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रजनी मेहरा के अनुरोध को स्वीकार किया। बृहस्पतिवार को कॉलेज में हुए कार्यक्रम में नैनीताल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश चंद्र रुबाली, शाखा प्रबंधक प्रखर पाटनी ने नव्या पांडे को आर्थिक सहयोग किया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. शशि पुरोहित ने बताया कि कॉलेज स्टाफ ने भी नव्या की मदद की है। हल्द्वानी में एलआईसी में कार्यरत योगेंद्र मेहरा ने भी व्यक्तिगत रूप से सहयोग राशि देकर अपना सहयोग किया। नाव्या ने बताया कि एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रजनी मेहरा के अथक प्रयासों से उसका आबुधाबी जाना संभव हो पा रहा है।
नव्या की उपलब्धियां
2017 दिल्ली में दो स्वर्ण
2018 केरल में एक स्वर्ण
2019 चेन्नई में दो स्वर्ण
2017 तुर्कमेनिस्तान में एशियाई इनडोर और मार्शल आर्ट गेम्स में पांचवीं रैंक
2019 चेन्नई में दक्षिण एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण
2019 में थाईलैंड में ग्रैंड प्रिक्स वर्ल्ड रैंकिंग टूर्नामेंट में कांस्य
2020 में यूरोप में विश्व युगल ई टूर्नामेंट में स्वर्ण
राज्य से चार खिलाड़ी जाएंगे
हल्द्वानी। पांचवीं एशियन जु जित्सु चैंपियनशिप में राज्य से चार खिलाड़ी शिरकत करेंगे। इनमें हल्द्वानी की नव्या, विनोद लखेड़ा ऋषिकेश की शिवानी गुप्ता और रुद्रपुर के कमल सिंह शामिल हैं। जु जित्सु एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव रैसी विनय कुमार जोशी ने बताया कि सभी खिलाड़ी जुजित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से भारतीय जुजित्सु टीम में शामिल होंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) के नेतृत्व में बैंकाक, चोनबुरी में आयोजित होने वाले छठवें एशियन इंडोर एंड मार्शल आर्ट्स गेम्स के लिए भी क्वालीफाई करेंगे। (संवाद)