हल्द्वानी। शहर की पेयजल आपूर्ति सामान्य नहीं हो पा रही है। दमुवाढूंगा में गैस पाइप लाइन की खोदाई के दौरान टूटी पेयजल लाइन से अब तक पेयजल सप्लाई सामान्य नहीं हो पाई है। लाइन में अधिक मात्रा में मलबा भर जाने से जगह-जगह चोक हो रही हैं। पेयजल किल्लत के चलते लोगों को खासी दिक्कतें हो रही हैं।
रविवार को फॉरेस्ट चौकी दमुवाढूंगा स्थित नलकूप की मोटर फुंक गई है। इस वजह से दमुवाढूंगा इलाके में पेयजल आपूर्ति बाधित है। कुसुमखेड़ा में भी पांच इंच पेयजल लाइन के चोक होने से इलाके की सप्लाई ठप हो गई। देर शाम तक लाइन की मरम्मत का काम जारी था। गैस पाइप लाइन की खोदाई के चलते पेयजल आपूर्ति सामान्य नहीं होने से बिठौरिया, बमौरी, लालडांठ, दमुवाढूंगा, नारायण नगर, कुसुमखेड़ा आदि इलाकों में भी लोगों को परेशानी हो रही है। जलसंस्थान ने इन इलाकों में पेयजल वितरित करने के लिए एक टैंकर लगाया है लेकिन विभागीय टैंकर से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। लोग निजी टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर हैं। जलसंस्थान के प्रभारी सहायक अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पेयजल वितरित किया जा रहा है।